छतरपुर पुलिस द्वारा बस संचालकों की बैठक आयोजित, सड़क सुरक्षा एवं नियमों के पालन पर दिया गया विशेष जोर



छतरपुर पुलिस द्वारा बस संचालकों की बैठक आयोजित, सड़क सुरक्षा एवं नियमों के पालन पर दिया गया विशेष जोर

पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन के निर्देशन में आज यातायात प्रशिक्षण शाला में जिले के बस संचालकों की बैठक/वार्ता का आयोजन किया गया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य पटले, जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती मधु सिंह, यातायात प्रभारी निरीक्षक बृहस्पति साकेत उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान बस संचालकों को परिवहन विभाग द्वारा जारी नवीन नियमावली की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने हेतु बस संचालन के दौरान पालन किए जाने वाले आवश्यक नियमों से अवगत कराया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा बस संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में ओवरलोड सवारियों का परिवहन न किया जाए तथा सभी बसों में अनिवार्य रूप से सुरक्षा मानक जैसे अग्निशामक यंत्र आदि उपलब्ध रहें।

बस संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने चालक एवं परिचालकों को सवारियों के साथ शिष्ट एवं सौम्य व्यवहार करने हेतु प्रेरित करें। जिन बसों के परमिट परिवहन विभाग द्वारा निरस्त किए जा चुके हैं, उनका संचालन तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए।

इसके अतिरिक्त बसों की फिटनेस उत्तम बनाए रखने के निर्देश दिए गए, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

साथ ही यह भी हिदायत दी गई कि बसों को सवारियां बैठाने के लिए सड़क के बीचों-बीच न रोका जाए, बल्कि सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर ही सवारियों को चढ़ाया एवं उतारा जाए।

बैठक में उपस्थित सभी बस संचालकों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया गया।

Post a Comment

أحدث أقدم