छतरपुर: स्कूल की पोल खोलने पर पत्रकार पर केस! | ईशानगर सरकारी स्कूल विवाद



छतरपुर जिले के ईसानगर क्षेत्र में स्थित शासकीय संदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा में है। 
 यहां स्कूल की अव्यवस्थाओं को उजागर करने पर एक पत्रकार ने अपने खिलाफ कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया है। मीडियाकर्मी आनंद असाटी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय (SP) पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल की सुबह करीब 10:30 बजे जब वे विद्यालय पहुंचे, तो स्कूल बंद मिला और कई छात्र बाहर घूमते हुए नजर आए। 

पत्रकार के अनुसार, उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया और इसकी सूचना कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी को भी दी। उनका दावा है कि काफी समय तक कोई शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचा, वहीं बाद में शिक्षकों के एक साथ पहुंचने का वीडियो भी उनके पास मौजूद है। आनंद असाटी का आरोप है कि स्कूल की कमियां उजागर करने से नाराज कुछ शिक्षकों द्वारा उनके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, 
जो कि पूरी तरह झूठी और द्वेषपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उनकी रिपोर्टिंग को दबाने के उद्देश्य से की गई है। इसके साथ ही पत्रकार ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा वीडियो डिलीट करने और शिकायत न करने का दबाव भी बनाया गया। 

उन्होंने कहा कि उनके पास वीडियो फुटेज, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और मोबाइल लोकेशन जैसे साक्ष्य मौजूद हैं, जो उनके दावों की पुष्टि करते हैं। फिलहाल पत्रकार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post