छतरपुर में सरपंच के भाई पर हमला, बीच रास्ते में रोककर की मारपीट, कई घायल


 छतरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंगायच में मारपीट का मामला सामने आया है। गांव के सरपंच के भाई प्रकाश कुशवाहा समेत कई लोगों के साथ रास्ता रोककर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
FIR के अनुसार, फरियादी हरिराम कुशवाहा निवासी ग्राम गंगायच ने शिकायत दर्ज कराई है कि 6 मई को सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद 7 मई की सुबह गांव में कहासुनी हुई थी, जहां बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया था।
आरोप है कि दोपहर करीब 1 बजे प्रकाश कुशवाहा और उनके साथी गांव से लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने रास्ता रोक लिया और विवाद शुरू हो गया। FIR में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों और हाथ मुक्कों से हमला किया, जिसमें प्रकाश कुशवाहा समेत कई लोग घायल हो गए।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक, मारपीट में सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।।

Post a Comment

Previous Post Next Post