छतरपुर जिले के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। सडवा गांव निवासी एक महिला ने पड़ोसियों पर घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट और चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस पर भी कार्रवाई न करने और FIR दर्ज न करने के आरोप लगाए हैं।
पीड़िता किरन अहिरवार पत्नी प्रेमलाल अहिरवार ने पुलिस अधीक्षक छतरपुर को दिए आवेदन में बताया कि 5 मई 2026 को वह अपने दो बच्चों के साथ घर पर अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति उनके घर में घुस आया और कथित रूप से छेड़छाड़ करने लगा। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने चाकू से हमला किया, जिससे उसके हाथ की कलाई में चोट आई।
महिला के अनुसार, शोर मचाने पर आरोपी के परिजन और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और उसके साथ लाठी-डंडों तथा लात-घूसों से मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि उसके बेटे ने बाहर जाकर गांव के एक व्यक्ति को बुलाया, जिसके बाद उसे बचाया जा सका।
पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
महिला ने आवेदन में आरोप लगाया कि घटना के बाद वह रिपोर्ट दर्ज कराने थाना बड़ामलहरा पहुंची, लेकिन पुलिस ने कई घंटे तक उसे थाने में बैठाए रखा। पीड़िता का दावा है कि शाम तक FIR दर्ज नहीं की गई और बाद में उसे थाने से भगा दिया गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले ही थाने पहुंच गया था और पुलिस से उसकी सांठगांठ थी।
SP ऑफिस पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
घटना के बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ छतरपुर एसपी कार्यालय पहुंची और आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
नोट: यह खबर पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच और आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।


Post a Comment