छतरपुर: महाराजगंज में मंदिर चंदे को लेकर विवाद, 2 क्विंटल गेहूं की मांग पर मारपीट; 5 घायल, 4 आरोपी गिरफ्तार

 

छतरपुर ; के थाना सिविल लाइन अंतर्गत ग्राम महाराजगंज में मंदिर के लिए चंदा मांगने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दो क्विंटल गेहूं देने की मांग को लेकर उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

मामले के अनुसार, ग्राम महाराजगंज निवासी 55 वर्षीय कूरा अहिरवार अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे, तभी गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और मंदिर के नाम पर दो क्विंटल गेहूं की मांग की। कूरा अहिरवार ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए दो क्विंटल के बजाय कम मात्रा (करीब एक क्विंटल) गेहूं देने की बात कही, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस घटना में कूरा अहिरवार (55), उनकी पत्नी गिरजा अहिरवार (53), पुत्र वीरेंद्र अहिरवार (26), अमर अहिरवार (15) और छिद्दी अहिरवार (45) घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और किशोर भी शामिल हैं।

घटना के बाद पीड़ित परिवार सिविल लाइन थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

पुलिस कार्रवाई 

पुलिस के अनुसार, फरियादी की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

ताज़ा जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल चार आरोपियों—श्याम लाल पटेल, हरदयाल पटेल, कृपाल पटेल और राजा भैया पटेल—को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post