छतरपुर में यातायात ग्रीष्मकालीन शिविर 2026 का शुभारंभ

 

2 मई से 5 मई तक होगा आयोजन, 200 छात्रों ने लिया भाग

छतरपुर में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2026 के यातायात ग्रीष्मकालीन शिविर (Traffic Summer Camp) का शुभारंभ 2 मई को किया गया। यह शिविर 5 मई तक संचालित किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में, पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी शहर के युवा छात्र-छात्राओं के लिए इस विशेष शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर का शुभारंभ ट्रैफिक प्रशिक्षण शाला, थाना यातायात परिसर बिजावर नाका, छतरपुर में पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी की उपस्थिति में किया गया।

इस वर्ष शिविर में विभिन्न स्कूलों के करीब 200 छात्र-छात्राएं शामिल हुए हैं। इस दौरान बच्चों को खेल-खेल में ट्रैफिक सिग्नल, रोड साइन और सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि ऐसे शिविर छात्रों में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को ट्रैफिक संकेतों, सड़क पार करने के नियमों और वाहन चलाने की सुरक्षा से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान (Practical Knowledge) देना अत्यंत आवश्यक है।

शिविर के माध्यम से बच्चों में टीम वर्क, रचनात्मकता और संवाद कौशल को भी विकसित किया जाता है। यदि बच्चे बचपन से ही ट्रैफिक नियमों की सही समझ विकसित कर लेते हैं, तो वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

यह ग्रीष्मकालीन शिविर बच्चों के लिए एक ऐसा मंच है, जहां वे न केवल मनोरंजन करते हैं बल्कि जीवनभर काम आने वाले सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियम भी सीखते हैं।

शिविर का समापन 5 मई को किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागी छात्र-छात्राएं अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने अनुभव और सीखी गई जानकारी साझा करेंगे।

कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक बृहस्पति साकेत, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षकगण, समाजसेवी एवं पत्रकार बंधु भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post