बुजुर्ग महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, दबंगों की गिरफ्तारी न होने से परिवार खौफ में

 

बुजुर्ग महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, दबंगों की गिरफ्तारी न होने से परिवार खौफ में

छतरपुर। सटई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नंदगांव बट्टयन में पुरानी रंजिश के चलते एक बुजुर्ग महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीडि़त परिवार ने कलेक्टर को आवेदन देकर आरोपियों पर कड़ी धाराएं बढ़ाने और उनकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 जून 2026 की रात करीब 10 बजे फरियादी घनश्याम अहिरवार की 60 वर्षीय मां नन्नीबाई अहिरवार घर के दरवाजे पर बैठी थीं। इसी दौरान गांव के आरोपी संतोष उर्फ भूरा, शंकर अहिरवार, पूरन उर्फ पुन्ना और बब्बू अहिरवार एक राय होकर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से लैस होकर उनके घर में घुस आए। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी संतोष ने बुजुर्ग महिला के सिर और हाथ पर कुल्हाड़ी की धारदार तरफ से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वे लहूलुहान हो गईं। बीच-बचाव करने आए परिजनों के साथ भी मारपीट की गई।
घायल महिला को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय छतरपुर में भर्ती कराया गया है। हालांकि सटई थाना पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन फरियादी का आरोप है कि पुलिस ने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से किए गए हमले की उचित धाराएं शामिल नहीं की हैं। दबंगों के रसूख के कारण पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है, जिससे आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीडि़त परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। खौफ के कारण परिवार के लोग अस्पताल जाने के लिए भी घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। पीडि़त ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।


 

एसपी का कहना है

इस मामले में एसपी रजत सकलेचा ने कहा कि घायल पक्ष का आवेदन आया है। एसडीओपी को मामले की जांच करने के लिए बोला गया है जो भी आरोपी होंगे उस पर वैधानिक कार्रवाही की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post