छतरपुर। जिले के बिजावर में रविवार, 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। जयस (JAYS) संगठन के तत्वावधान में अटल कम्युनिटी हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आदिवासी समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर एकता और सामाजिक स्वाभिमान का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जयस प्रदेश अध्यक्ष (नारी शक्ति) श्रीमती सोनू रावत उपस्थित रहीं। वहीं जयस जिला अध्यक्ष कैलाश आदिवासी, कार्यवाहक अध्यक्ष राजेश कुमार सहित गोंडवाना कर्मचारी अधिकारी संघ के पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बिजावर की सड़कों पर निकली विशाल रैली
बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर बिजावर में भव्य रैली निकाली गई। रैली अटल कम्युनिटी हॉल से शुरू होकर डाकखाना चौराहा, बस स्टैंड, खटखना मोहल्ला, रतनगंज, जेल मोहल्ला होते हुए जटाशंकर तिराहे तक पहुंची। इसके बाद रैली वापस अटल कम्युनिटी हॉल पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली में छतरपुर जिले के विभिन्न ब्लॉकों से जयस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। पीले झंडों और भगवान बिरसा मुंडा के जयकारों से बिजावर का माहौल उत्साहपूर्ण नजर आया।
जल, जंगल और जमीन के अधिकारों का दिया संदेश
इस अवसर पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद किया गया। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर आदिवासी समाज में अधिकारों, स्वाभिमान और सामाजिक जागरूकता की नई चेतना जगाई थी।
आयोजन के माध्यम से आदिवासी समाज की एकता, अधिकारों और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समाजजनों का आभार व्यक्त किया।
जय बिरसा! जय आदिवासी!
---
Bharat Junction News | छतरपुर, मध्य प्रदेश
.jpg)
Post a Comment