छतरपुर - जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे हत्या के आरोपी को थाना कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जिला स्तर पर चलाए जा रहे "न्याय पथ अभियान" के तहत की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन के निर्देशन में पुराने लंबित आपराधिक मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वर्ष 2018 के एक हत्या प्रकरण में फरार आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राधेपुर में वर्ष 2018 में हुए हत्या के मामले का आरोपी पिछले 8 वर्षों से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी लल्लू उर्फ राजू कुशवाहा (पिता घनश्याम कुशवाहा), निवासी ग्राम मऊसानिया थाना नौगांव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई में सीएसपी श्री अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह, थाना प्रभारी हिनौता उप निरीक्षक राजेंद्र जाटव, साइबर प्रभारी उप निरीक्षक नेहा गुर्जर सहित पुलिस टीम के कई सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
छतरपुर पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निराकरण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिससे कानून व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिल रही है।

Post a Comment