छतरपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने बसों में यात्रियों के बैग से चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ₹10,000 के इनामी गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है।
यात्रियों के बैग से हो रही थी चोरी
थाना कोतवाली क्षेत्र के बस स्टैंड से सवार यात्रियों के बैग से चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। हरपालपुर निवासी प्रिंस गुप्ता की पत्नी के बैग से चोरी और भोपाल निवासी नीलम वर्मा के ट्रॉली बैग से चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इन मामलों में थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए थे।
SP ने घोषित किया था इनाम
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया था और विशेष टीम गठित कर मामलों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी।
ऐसे पकड़ा गया गिरोह
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और अन्य सुराग जुटाए, जिससे आरोपियों की पहचान हुई। पता चला कि यह गिरोह बसों और ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाता था और उनके बैग से जेवर व कीमती सामान चोरी करता था।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने गिरोह के इन 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है—
इकबाल अली – जालौन (उत्तर प्रदेश)
छोटू राईन उर्फ इसराईल – जालौन (उत्तर प्रदेश)
समीर राईन – जालौन (उत्तर प्रदेश)
शाहरुख – जालौन (उत्तर प्रदेश)
रुक्साना उर्फ जाहिना बेगम – अजमेर (राजस्थान)
20 लाख का माल बरामद
आरोपियों के पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं, जिनमें मंगलसूत्र, हार, बाली, नथ, चूड़ियां, अंगूठियां, झुमकी, चैन, पायल, बिछिया और अन्य आभूषण शामिल हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹20 लाख बताई गई है।
मास्टरमाइंड अब भी फरार
गिरोह का मास्टरमाइंड अरबाज निवासी जालौन (उत्तर प्रदेश) अभी फरार है। पुलिस के अनुसार वह हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, चोरी, डकैती के प्रयास तथा आबकारी अधिनियम सहित कई मामलों में लिप्त रहा है। उसकी तलाश जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सतीश सिंह सहित थाना कोतवाली, साइबर सेल और पुलिस टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



Post a Comment