सुरेंद्र सिंह केस में उबाल, न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरी करणी सेना


 छतरपुर जिले में सुरेंद्र सिंह की मौत का मामला अब बड़ा आंदोलन बनता नजर आ रहा है। बुधवार को करणी सेना के कार्यकर्ता भारी संख्या में सड़कों पर उतरे और एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

करीब दो से तीन घंटे तक चले इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सुरेंद्र सिंह मामले में अभी तक पूरी सच्चाई सामने नहीं आई है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले ने करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष अनुराग प्रताप सिंह और मृतक के परिजनों से चर्चा की। प्रशासन की ओर से अब तक हुई जांच और कार्रवाई की जानकारी भी दी गई।

करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष अनुराग प्रताप सिंह ने कहा कि सुरेंद्र सिंह आत्महत्या मामले में विधायक पुत्र और तत्कालीन कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी का नाम सामने आया था। उनका आरोप है कि परिवार पर दबाव बनाकर बयान बदलवाने की कोशिश की जा सकती थी, इसलिए प्रशासन की मौजूदगी में सभी के सामने बयान दर्ज कराए गए।

उन्होंने बताया कि एडिशनल एसपी ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। साथ ही कहा गया है कि यदि किसी भी व्यक्ति या अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन द्वारा परिजनों को घटना से जुड़े वीडियो फुटेज भी दिखाए गए, जिससे जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की बात कही गई। फिलहाल इस मामले को लेकर जिले में माहौल गरमाया हुआ है और लोगों की नजर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post