छतरपुर के थाना यातायात परिसर में आयोजित 5 दिवसीय यातायात समर कैंप का समापन समारोह उत्साह और जागरूकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समापन समारोह के दौरान समर कैंप में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। बच्चों ने नुक्कड़ नाटक, गीत और जागरूकता आधारित प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार, शिक्षकगण और यातायात थाना स्टाफ मौजूद रहा। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और यातायात नियमों के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर एसपी रजत सकलेचा ने समर कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। ऐसे समर कैंप समाज में जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत द्वारा किया गया। समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को जारी रखने की बात कही गई।


Post a Comment