CM helpline की शिकायत वापस नहीं ली तो पुलिस ने महिला से की मारपीट? | पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप

 

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बड़ा मलहरा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने थाना बड़ा मलहरा में पदस्थ पुलिसकर्मियों पर मारपीट, गाली-गलौज और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बमनी छईछुआ निवासी रामबाई अहिरवार ने आवेदन देकर बताया कि उन्होंने पहले CM हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिकायत वापस लेने के लिए थाना बड़ा मलहरा में पदस्थ आरक्षक सरमन कुमार अहिरवार सहित अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा उन पर दबाव बनाया गया।

महिला का कहना है कि जब उन्होंने शिकायत वापस लेने से इंकार किया तो उन्हें थाने बुलाकर गाली-गलौज की गई और मारपीट की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके शरीर पर चोटें आईं, हाथ में गंभीर चोट लगी और उनका मंगलसूत्र भी टूट गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें घसीटा गया और जबरन राजीनामा कराने की कोशिश की गई।

आवेदन में महिला ने यह भी उल्लेख किया है कि उनके पति हरदयाल अहिरवार शुक्रवार से लापता हैं। महिला को आशंका है कि गांव के कुछ लोगों द्वारा उनके पति के साथ मारपीट की गई है। उन्होंने कुछ लोगों पर जान का खतरा होने का भी आरोप लगाया है।

फिलहाल पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी है और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post