छतरपुर। जिला मुख्यालय के मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देशन में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए 8 अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
रात के सन्नाटे में वारदात को दिया अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुख्य बस स्टैंड पर रात करीब 10 से 11 बजे के बीच तीन अज्ञात बदमाशों ने एक नाबालिग लड़की को दबोच लिया। आरोपी उसे जबरन एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां उसके साथ बारी-बारी से दरिंदगी की गई। डरी-सहमी पीड़िता ने सुबह अपने परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।
नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) अरुण कुमार सोनी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रेमी के छोड़ जाने के बाद दरिंदों ने बनाया शिकार
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, नाबालिग पीड़िता सटई थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह अपने एक परिचित (कथित प्रेमी) के साथ छतरपुर बस स्टैंड पहुंची थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और वे घर से भागने की फिराक में थे। लेकिन बस स्टैंड पहुंचने के बाद युवक डर गया और नाबालिग को वहीं अकेला छोड़कर रफूचक्कर हो गया।
कथित प्रेमी के भाग जाने के बाद लड़की बस स्टैंड पर बने मुसाफिरखाने में अकेली बैठी रो रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों की नजर उस पर पड़ी। सुनसान रात और लड़की को अकेला देख आरोपियों की नीयत बिगड़ गई। वे उसे डरा-धमकाकर मुसाफिरखाने से उठाकर ले गए और इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
होटल या सुनसान इलाका? जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि नाबालिग के साथ किसी नजदीकी होटल में इस वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि, पुलिस अभी इस बात की बारीकी से शिनाख्त कर रही है कि वारदात बस स्टैंड के पास किसी सुनसान जगह पर हुई या फिर किसी होटल के कमरे में।
पुलिस मुसाफिरखाने और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।

Post a Comment