छतरपुर: सार्वजनिक नाली पर अतिक्रमण का आरोप, गंदे पानी से परेशान ग्रामीण पहुंचे कलेक्टर जनसुनवाई
छतरपुर। जिले के गौरिहार जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत उदयपुर के सैकड़ों ग्रामीण मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचे और सार्वजनिक नाली पर हुए कथित अतिक्रमण को हटाने की मांग की।
ग्रामीणों ने शिकायत में आरोप लगाया है कि गांव के राजू पिता चुनुवाद पटेल द्वारा सार्वजनिक नाली के ऊपर दीवार निर्माण कर अतिक्रमण किया गया है, जिसके कारण गंदे पानी की निकासी बाधित हो गई है। परिणामस्वरूप गांव के मुख्य मार्ग पर लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई है और लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत ग्राम पंचायत, सरपंच, सचिव, एसडीएम गौरिहार सहित अन्य अधिकारियों से कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार मामले की शिकायत क्षेत्रीय विधायक एवं वन राज्य मंत्री तक भी पहुंचाई गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद ग्रामीणों ने कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचकर सार्वजनिक नाली और रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग की।
जनसुनवाई में प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
नोट: राजू पिता चुनुवाद पटेल पर लगाए गए आरोप ग्रामीणों की शिकायत पर आधारित हैं। मामले में प्रशासनिक जांच एवं आधिकारिक निर्णय होना शेष है।


Post a Comment