फौती नामांतरण की मांग को लेकर किसान धरने पर बैठा, तहसीलदार ने दिया समाधान का आश्वासन

 

छतरपुर। जिले के गौरिहार जनपद अंतर्गत ग्राम धावा के एक किसान ने फौती नामांतरण न होने से परेशान होकर कलेक्टर कार्यालय परिसर में धरना शुरू कर दिया। किसान का आरोप है कि उसकी माता के निधन के बाद भी राजस्व अभिलेखों में नामांतरण नहीं किया गया, जिसके कारण उसे लगातार प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


किसान ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय के बाहर चिलचिलाती धूप में धरना दिया और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। धरने की सूचना मिलते ही संबंधित तहसीलदार मौके पर पहुंचे और किसान से चर्चा कर मामले के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।


बाद में किसान की कलेक्टर से भी मुलाकात कराई गई, जहां उसकी शिकायत सुनी गई और संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा आश्वासन मिलने के बाद किसान ने उम्मीद जताई कि उसकी समस्या का जल्द समाधान होगा।
किसान का कहना है कि वह लंबे समय से फौती नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से उसे धरने का रास्ता अपनाना पड़ा।
फिलहाल प्रशासन ने मामले के निराकरण का भरोसा दिया है और किसान की शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post