छतरपुर। श्री श्री 1008 श्री जगन्नाथ स्वामी जू मंदिर नवनिर्माण समिति एवं रथयात्रा समिति द्वारा सोमवार की शाम एक पत्रकारवार्ता का आयोजन कर आगामी भव्य रथयात्रा महोत्सव की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
जगन्नाथ यात्रा समिति के सचिव संतोष ताम्रकार ने बताया कि गुरुवार 16 जुलाई 2026 को सायं 05 बजे से 351 वर्ष प्राचीन सनातन कालीन श्री जगन्नाथ मंदिर तमराही मुहल्ला, स्वामी जू मार्ग से वैदिक पूजा-अर्चना के बाद भव्य रथयात्रा प्रस्थान करेगी। यह यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुरानी तहसील स्थित पहुंचेगी, जहां 17 से 19 जुलाई तक भगवान विश्राम करेंगे और इस दौरान सुंदरकांड, धार्मिक नृत्य व भव्य खाटूश्याम भजन संध्या जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 20 जुलाई को जानकी जी की सवारी पालकी के साथ भगवान को लिवाने जाएगी, जिसके बाद रथ यात्रा गोवर्धन टाकीज केंड्या जी मंदिर में दो दिवस विश्राम कर 22 जुलाई को अपने अंतिम पड़ाव के लिए वापस मुख्य मंदिर रवाना होगी। इस 9 दिवसीय धार्मिक महोत्सव का समापन 23 और 24 जुलाई को अखंड रामचरितमानस पाठ, हवन, शांति, प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा। समिति ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से इस भव्य आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ उठाने की अपील की है।

Post a Comment