दतिया उपचुनाव 2026: चौथे दिन दामोदर सिंह यादव ने दाखिल किया नामांकन, 'केतली' चुनाव चिन्ह पर ठोकी दावेदारी; आज नरोत्तम मिश्रा के नामांकन की संभावना

 

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया अब रफ्तार पकड़ने लगी है। नामांकन के चौथे दिन गुरुवार को पहला औपचारिक नामांकन दाखिल किया गया। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव ने अपने भाई केशव यादव के साथ कलेक्ट्रेट स्थित तहसील कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किया। इसके साथ ही दतिया उपचुनाव में चुनावी मुकाबले की औपचारिक शुरुआत हो गई।

दामोदर सिंह यादव इस चुनाव में 'केतली' चुनाव चिन्ह पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। नामांकन के दौरान प्रशासन ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

कलेक्ट्रेट परिसर बना पुलिस छावनी

नामांकन प्रक्रिया को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। केवल अधिकृत व्यक्तियों और उम्मीदवारों को ही कार्यालय के अंदर प्रवेश की अनुमति दी गई, जबकि समर्थकों और कार्यकर्ताओं को मुख्य द्वार पर ही रोक दिया गया। पूरे परिसर में पुलिस बल की तैनाती रही और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई।

आज नरोत्तम मिश्रा के नामांकन की संभावना

दामोदर सिंह यादव के नामांकन के बाद अब राजनीतिक निगाहें शुक्रवार पर टिकी हैं। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा आज अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। उनके नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों के दतिया पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिससे शहर में बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन देखने को मिल सकता है।

प्रशासन ने बढ़ाई तैयारियां

संभावित भीड़ और शक्ति प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त तैयारियां की हैं। कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है ताकि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

मुख्य दलों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार

हालांकि चुनावी गतिविधियां तेज हो चुकी हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा नहीं की थी। इसके बावजूद दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है और आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियों के और तेज होने की संभावना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post