घुवारा अस्पताल में दलित परिवार से अभद्रता और मारपीट के आरोप, डॉक्टर पर शराब के नशे में लज्जा भंग करने का आरोप; एसपी से शिकायत

 

छतरपुर। जिले के भगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुवारा में इलाज कराने पहुंचे एक दलित परिवार के साथ कथित अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने ड्यूटी डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ पर शराब के नशे में इलाज से इनकार करने, जातिसूचक गालियां देने, मारपीट करने और लज्जा भंग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।


पीड़िता अनीता अहिरवार, निवासी ग्राम घुवारा, ने अपने शिकायती आवेदन में बताया कि 30 जून 2026 की रात करीब 12 बजे वह अपने बीमार भांजे थोवन और बच्चों के साथ इलाज कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थीं। महिला का आरोप है कि उस समय ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर आनंद यादव अपने स्टाफ के साथ शराब पी रहे थे।
शिकायत के अनुसार, जब महिला ने अपने बीमार परिजन के इलाज की मांग की तो डॉक्टर और स्टाफ ने कथित रूप से इलाज करने से इनकार कर दिया और जातिसूचक गालियां दीं। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई तथा उसकी लज्जा भंग की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बेटे आकाश तथा भांजे थोवन और अंकित के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।


पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसने तत्काल स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायत की। इसके बाद 4 जुलाई को एसडीओपी बड़ामलहरा को भी आवेदन दिया, लेकिन अब तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर महिला ने अब पुलिस अधीक्षक छतरपुर से न्याय की गुहार लगाई है।
अपने आवेदन में पीड़िता ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने, घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराने तथा आरोपी डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही शासकीय पद के दुरुपयोग की भी जांच कराने की अपील की गई है।


फिलहाल यह सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। मामले में पुलिस की ओर से जांच की जा रही है। डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post