प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या की आशंका, रेलवे ट्रैक पर मिला था शव; पिता ने एसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग

 

छतरपुर। जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम महेबा निवासी एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने के बाद मृतक के पिता ने प्रेम प्रसंग के चलते बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


मृतक के पिता मोहन रैकवार ने 2 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि उनका पुत्र रामजी रैकवार 26 जून की सुबह पहाड़ पर लकड़ी काटने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने ओरछा रोड थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
आवेदन के अनुसार, 28 जून को पुलिस से सूचना मिली कि मातगुवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला है। जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान रामजी रैकवार के रूप में की।
मृतक के पिता का आरोप है कि उनके बेटे का गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे युवती के परिजन पसंद नहीं करते थे। उनका कहना है कि इस बात को लेकर कई बार उनके बेटे को धमकियां भी दी गई थीं। इसी कारण उन्हें आशंका है कि उनके पुत्र की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के समय रामजी के पास मोबाइल फोन मौजूद था, लेकिन शव मिलने के दौरान वह मोबाइल बरामद नहीं हुआ। पिता ने आशंका जताई है कि मोबाइल को जानबूझकर गायब किया गया है, जिससे घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य छिपाए जा सकें।


पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मृतक और संदेह के दायरे में बताए गए लोगों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और लोकेशन साइबर सेल के माध्यम से निकलवाई जाए। उनका कहना है कि इससे घटना की सच्चाई सामने आ सकती है। साथ ही उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


फिलहाल पुलिस को इस संबंध में आवेदन सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है। मृतक के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post