बहू पर झूठी FIR कराने और ब्लैकमेल करने का आरोप, ससुराल पक्ष ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

 

छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के संकटमोचन पहाड़िया निवासी एक परिवार ने अपनी बहू और उसके मायके पक्ष पर झूठी कहानी गढ़कर पुलिस में फर्जी एफआईआर दर्ज कराने, ब्लैकमेल करने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।


शिकायतकर्ता आजाद अली, रिजवाना बेगम, मोहम्मद सलमान और सुरैया बेगम ने बताया कि उनके पुत्र शहबाज अली की कुछ समय पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उनका कहना है कि बेटे की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में था। इसी दौरान बहू कायनात ने घरेलू सामान और दान-दहेज के बंटवारे को लेकर विवाद शुरू कर दिया और चालीसा की रस्म के बाद मायके चली गई।


पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब वे आपसी बातचीत और सामान सौंपने के उद्देश्य से बहू के मायके ताज कॉलोनी पहुंचे, तो वहां बहू, उसकी मां, पिता और अन्य परिजनों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज करा दी गई।


परिवार का यह भी दावा है कि थाने में समझौते की प्रक्रिया के बाद भी उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है और झूठे मामलों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
इन्हीं आरोपों के आधार पर पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बिना जांच के किसी प्रकार की कार्रवाई न करने तथा यदि शिकायत झूठी पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


नोट: यह खबर शिकायतकर्ता पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में दूसरे पक्ष का बयान प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post