पुलिस की निष्क्रयता और जांच अधिकारी पर रिश्वत मांगने का आरोप, पीडि़त वृद्ध महिला ने एसपी से की शिकायत
छतरपुर। बक्सवाहा थाना क्षेत्र के ग्राम बगरौधा की रहने वाली एक 60 वर्षीय वृद्ध महिला कौशल्या रैकवार ने स्थानीय पुलिस और जांच अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में आवेदन दिया है।
सोमवार को सौंपे गए शिकायती आवेदन के अनुसार, करीब 15 दिन पहले महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी, जिससे उसका पैर टूट गया था और सिर में भी गंभीर चोट आई थी।
पीडि़ता का आरोप है कि बक्सवाहा थाने में रिपोर्ट करने के बावजूद पुलिस ने उचित धाराओं में मामला दर्ज नहीं किया। इसके साथ ही मामले के जांच अधिकारी उप निरीक्षक महेश पाण्डेय पर आरोप है कि उन्होंने उचित कार्रवाई करने और दमोह अस्पताल से मेडिकल के कागजात मंगवाने के नाम पर कुल 2500 की मांग की, जिसमें से 500 वे पहले ही ले चुके हैं। गरीब मजदूर परिवार से ताल्लुक रखने वाली पीडि़ता ने बताया कि पुलिस का संरक्षण मिलने के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उसे लगातार धमका रहे हैं। पीडि़त महिला ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और रिश्वतखोर अधिकारी व आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।


Post a Comment