कुल्हाड़ी और पटिए से जानलेवा हमला, पीडि़त पहुंचा एसपी कार्यालय

 

छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम कावर निवासी हरगोविंद अहिरवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर गांव के ही दबंगों द्वारा किए गए प्राणघातक हमले और स्थानीय पुलिस की लापरवाही की शिकायत दर्ज कराई है। 

पीडि़त द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, 9 जुलाई 2026 की सुबह जब वह अपने खेत की ओर जा रहा था, तभी गांव के रवि अहिरवार और हिसाबी अहिरवार ने बिना किसी कारण के उसे घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि रवि अहिरवार ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और गंभीर चोटें आईं। वहीं, हिसाबी अहिरवार ने लकड़ी के पटिए से उसके पैरों पर प्रहार किया, जिससे पैर में फ्रैक्चर हो गया। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बीच-बचाव करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए और उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। 

पीडि़त का आरोप है कि घटना के बाद जब वह बमीठा थाने पहुंचा, तो पुलिस ने वास्तविक तथ्यों को छिपाकर अपनी मनमर्जी से बेहद मामूली व अधूरी रिपोर्ट दर्ज की। गंभीर रूप से घायल होने के कारण जब वह जिला अस्पताल पहुंचा, तो वहां भी पुलिस केस और दस्तावेजों के अभाव की बात कहकर उचित इलाज में आनाकानी की जा रही है। पीडि़त ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर हत्या के प्रयास की उचित धाराओं में मामला दर्ज करने और आरोपियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post