घर में घुसकर मारपीट और हथियार दिखाकर धमकी देने का आरोप, पीड़ित कैलाश खंगार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

 

छतरपुर। जिले के अलीपुरा थाना क्षेत्र के करारागंज निवासी कैलाश खंगार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने तथा स्थानीय पुलिस पर शिकायत में सभी आरोपों को शामिल न करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


पीड़ित कैलाश खंगार द्वारा एसपी को दिए गए आवेदन के अनुसार, मोटरसाइकिल खराब करने के विवाद के बाद कल्लू खंगार, रामकृपाल खंगार, उपेन्द्र खंगार, चंदन परिहार सहित अन्य लोग रात के समय कथित तौर पर उसके घर में जबरन घुस आए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों, लात-घूंसों से मारपीट की और उसे घर से बाहर घसीटकर जातिसूचक गालियां दीं।


आवेदन के अनुसार, इस घटना में कैलाश खंगार के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि चंदन परिहार ने कथित तौर पर कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।


पीड़ित का यह भी आरोप है कि अलीपुरा थाना पुलिस ने एफआईआर में हथियार दिखाने के आरोप का उल्लेख नहीं किया और मिथुन, राहुल तथा चंदन समेत कुछ लोगों के नाम भी शामिल नहीं किए। साथ ही आरोपियों द्वारा लगातार समझौते का दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
कैलाश खंगार ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सभी आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल यह सभी आरोप पीड़ित द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन पर आधारित हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post