जमीन हड़पने का आरोप: दलित महिला से मारपीट, हरिजन थाने में की शिकायत

 

छतरपुर। जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र के ग्राम पिपौराकला हाल निवासी चौका पेट्रोल पंप के पास रहने वाली एक दलित महिला ने जमीन हड़पने की कोशिश, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाते हुए हरिजन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।


पीड़िता धर्मी अहिरवार पत्नी भगवानदास अहिरवार का आरोप है कि सागर रोड स्थित उसकी कीमती जमीन पर गांव के सुनील सोनी, सत्तू सोनी और बब्बू कुशवाहा की नजर है। महिला का कहना है कि आरोपी काफी समय से उस पर कम कीमत में जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया जाता है और जान से मारने की धमकी दी जाती है।


पीड़िता के आरोप के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को तीनों आरोपी उसके कुएं पर पहुंचे, जहां उन्होंने गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद महिला और उसका परिवार दहशत में है।
शुक्रवार (10 जुलाई) को पीड़िता हरिजन थाना पहुंची और पूरे मामले की शिकायत पुलिस को सौंपी। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


पुलिस के अनुसार, मामले में शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: इस खबर में लगाए गए सभी आरोप पीड़िता की शिकायत और दर्ज प्रकरण पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post