छतरपुर। हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कराठा निवासी मातादीन बसोर ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। मातादीन का आरोप है कि उसकी निजी जमीन पर जबरन बाउंड्री वॉल बनाए जाने का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद शिकायत करने पर हरपालपुर पुलिस द्वारा उल्टा उन्हीं के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने का आरोप लगाया गया है।
जमीन पर बाउंड्री वॉल बनाने का विरोध करने पर मारपीट का आरोप
पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती आवेदन में मातादीन बसोर ने बताया कि वह ग्राम कराठा का निवासी है और जिस जमीन को लेकर विवाद है, वह उसकी निजी जमीन है। आवेदन के अनुसार, बाउंड्री वॉल निर्माण का विरोध करने पर सल्ला कुशवाहा पिता भगवाना कुशवाहा, रामचरन कुशवाहा पिता भगवाना कुशवाहा, गजेन्द्र कुशवाहा पिता सल्ला कुशवाहा, भजनलाल पिता प्रकाश, जयराम कुशवाहा पिता सल्ला कुशवाहा, कल्लू पिता छिद्दी कुशवाहा, अरविन्द पिता घनसू कुशवाहा और सत्यमान पिता घनसू कुशवाहा पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
मातादीन के अनुसार, इस दौरान जातिसूचक गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के साथ पत्थर एवं लाठी-डंडों से मारपीट की गई। आवेदन में मातादीन पिता भरोसा, महेन्द्र पिता भारत, महीपत पिता भरोसा, प्रमोद पिता मातादी और राजेन्द्र पिता भारत के साथ मारपीट किए जाने का भी उल्लेख है।
रास्ते में रोककर कट्टा दिखाने का आरोप
आवेदन में आगे बताया गया है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद जब मातादीन अपने गांव कराठा लौट रहा था, तब रास्ते में कालीचरन पिता छिद्दी, गजेन्द्र पिता सल्ले कुशवाहा, हरगोविन्द पिता घन्सू और जयराम पिता सल्ले द्वारा कथित तौर पर उसे रोककर गाली-गलौज की गई और कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई।
मातादीन का कहना है कि उसने घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी, जिसके बाद संबंधित लोग मौके से चले गए।
शिकायत के बाद उल्टा मुकदमा दर्ज करने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने हरपालपुर थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई, तो उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई करने के बजाय पुलिस द्वारा उल्टा उसके खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया गया। इसी कार्रवाई को लेकर मातादीन ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मातादीन बसोर ने SP से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
नोट: इस खबर में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता मातादीन बसोर द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती आवेदन पर आधारित हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Post a Comment