छतरपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में ई-अटेंडेंस व्यवस्था शिक्षकों के लिए परेशानी का सबब बनती नजर आ रही है। मोबाइल नेटवर्क की समस्या के चलते एक शिक्षक को स्कूल की छत पर चढ़कर अपनी हाजिरी लगानी पड़ी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो छतरपुर जिले के जनशिक्षा केंद्र टटम का बताया जा रहा है। वीडियो में शिक्षक मोबाइल नेटवर्क तलाशने के लिए स्कूल की छत पर खड़े नजर आ रहे हैं, ताकि ऑनलाइन ई-अटेंडेंस दर्ज की जा सके।
शिक्षकों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के कारण समय पर ई-अटेंडेंस नहीं लग पाती और इसके चलते वेतन कटने जैसी परेशानी सामने आ रही है।
एक तरफ सरकार डिजिटल इंडिया और ऑनलाइन व्यवस्था को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या डिजिटल व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है।
अब सवाल यह है कि जब मोबाइल नेटवर्क ही उपलब्ध नहीं है, तो ऐसे क्षेत्रों में ई-अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर शिक्षकों की समस्या का समाधान कैसे होगा?

Post a Comment