छतरपुर। पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन श्री इरशाद वली ने छतरपुर जिले के बड़ा मलहरा अनुभाग अंतर्गत आने वाले थाना एवं चौकियों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसिंग व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपराध और लंबित मामलों की समीक्षा
भ्रमण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने संबंधित थाना एवं चौकी के अपराधिक आंकड़ों, लंबित प्रकरणों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने थाना एवं चौकी के भवन, हवालात और परिसर का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
आईजी ने अपराध नियंत्रण के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को लेकर थाना एवं चौकी स्तर पर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अवैध शराब और मादक पदार्थों पर कार्रवाई के निर्देश
पुलिस महानिरीक्षक ने अवैध शराब और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रभावी एवं निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी लगातार बनी रहनी चाहिए।
इसके अलावा जप्त किए गए माल के निराकरण को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से किया संवाद
भ्रमण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वली ने थाना एवं चौकी में पदस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से उनकी कार्य संबंधी तथा अन्य समस्याओं की जानकारी ली।
आईजी ने आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने और अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री रजत सकलेचा, एसडीओपी बड़ा मलहरा श्री रोहित अलावा, थाना बड़ा मलहरा प्रभारी निरीक्षक रीता सिंह, थाना भगवां प्रभारी निरीक्षक श्रद्धा शुक्ला, थाना बमनौरा प्रभारी निरीक्षक कृपाल मार्को, चौकी प्रभारी घुवारा उप निरीक्षक मोहर सिंह सिकरवार और चौकी प्रभारी रामटोरिया उप निरीक्षक राज कपूर सिंह बघेल सहित संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment