कर्ज माफी के बावजूद वसूली का आरोप, NOC के लिए ₹25 हजार मांगने की शिकायत; बैनीगंज के आशीष पटेल ने जनसुनवाई में उठाया मामला

 

छतरपुर/राजनगर। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में राजनगर तहसील के बैनीगंज गांव निवासी आशीष पटेल, पिता स्व. नारायण दास पटेल ने सहकारी समिति से जुड़े मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई। आशीष पटेल ने सेवा सहकारी समिति मर्यादित धवाड़, शाखा राजनगर के प्रबंधन और कर्मचारियों पर कर्ज, NOC और कथित राशि की मांग को लेकर आरोप लगाए हैं।


KCC के लिए NOC लेने पहुंचे थे आशीष पटेल
आवेदन के अनुसार, आशीष पटेल ने HDFC बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के लिए आवेदन किया था। बैंक की ओर से जमीन से संबंधित दस्तावेजों के साथ सहकारी समिति की NOC की आवश्यकता बताई गई। इसके बाद आशीष पटेल समिति कार्यालय पहुंचे।
आवेदन में आशीष पटेल का कहना है कि समिति के कर्मचारियों ने उनके पिता स्व. नारायण दास पटेल के नाम पर कर्ज बकाया होने की बात कही और NOC को लेकर उनसे राशि की मांग की गई।


NOC के लिए ₹25 हजार मांगने का आरोप
आशीष पटेल ने शिकायत में आरोप लगाया है कि NOC देने के लिए ₹25 हजार की मांग की गई। उनका कहना है कि मजबूरी में उन्होंने ₹20 हजार दिए, लेकिन इसके बावजूद उन्हें NOC नहीं दी गई।
ट्रैक्टर का पूरा पैसा जमा करने के बाद भी NOC नहीं मिलने का आरोप
शिकायत में ट्रैक्टर से जुड़े कर्ज का भी उल्लेख है। आशीष पटेल का आरोप है कि ट्रैक्टर का पूरा पैसा जमा किए जाने के बाद भी उन्हें NOC नहीं दी गई। उनके अनुसार, NOC नहीं मिलने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा और बाद में ट्रैक्टर वापस कर दिया गया।


कर्ज माफी के बावजूद कर्ज की मांग का आरोप
आशीष पटेल ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि शासन की ओर से कर्ज माफी का आदेश होने के बावजूद समिति प्रबंधन द्वारा उनसे कर्ज जमा करने की मांग की जा रही है। उनका कहना है कि यदि राशि नहीं दी गई तो रिकॉर्ड में कर्ज माफ नहीं दिखाने और वसूली की कार्रवाई करने की बात कही गई।
FIR की धमकी देने का भी आरोप
आवेदन में आशीष पटेल ने आरोप लगाया है कि मामले को लेकर विरोध करने पर उनके खिलाफ FIR दर्ज कराने की धमकी दी गई। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मोबाइल जब्त करने और दुर्व्यवहार का आरोप
आशीष पटेल का आरोप है कि जब वह समिति प्रबंधक और शाखा प्रबंधक के पास अपनी समस्या लेकर पहुंचे तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उनका कहना है कि वह पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहे थे, तभी उनका मोबाइल भी जब्त कर लिया गया।
आशीष पटेल ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने और उचित कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post