बंडा में जहरीली शराब से प्रभावित परिवारों से मिला OBC महासभा का प्रतिनिधिमंडल, ₹1 करोड़ मुआवजे की मांग

 

बंडा। क्षेत्र में जहरीली शराब की त्रासदी के बाद प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर OBC महासभा के पदाधिकारियों ने उनका हाल जाना। महासभा ने कहा कि इस घटना से कई परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है और अब उनके सामने आर्थिक संकट के साथ-साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।
OBC महासभा के अनुसार, मृतकों में OBC, SC और ST समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हैं। संगठन ने दावा किया कि OBC समाज, विशेषकर लोधी समाज के कई परिवारों ने अपने कमाने वाले सदस्यों को खोया है।


पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने पहुंचे OBC महासभा के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य महेंद्र सिंह लोधी, राष्ट्रीय सचिव राहुल सिंह, प्रदेश प्रभारी गया प्रसाद पटेल, प्रदेश सचिव सहित दमोह और आसपास के जिलों के जिलाध्यक्ष एवं OBC महासभा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
₹1 करोड़ मुआवजे की मांग
OBC महासभा ने शासन-प्रशासन से प्रत्येक पीड़ित परिवार को ₹1 करोड़ की मुआवजा राशि देने की मांग की है। संगठन का कहना है कि जिन परिवारों ने अपने कमाने वाले सदस्य खोए हैं, उनके सामने रोजी-रोटी और बच्चों के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता है। ऐसे में सरकार को प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और भविष्य की जिम्मेदारी गंभीरता से उठानी चाहिए।
व्यवस्था और निगरानी पर उठाए सवाल
महासभा ने इतनी बड़ी मात्रा में कथित जहरीली शराब लोगों तक पहुंचने को लेकर व्यवस्था और निगरानी पर भी सवाल उठाए हैं। संगठन का कहना है कि यदि प्रशासनिक तंत्र समय रहते इसे रोकने में असफल रहा, तो प्रभावित परिवारों की सहायता और पुनर्वास की जिम्मेदारी भी सरकार को गंभीरता से निभानी चाहिए।
OBC महासभा ने कहा कि वह पीड़ित परिवारों को न्याय और सहायता दिलाने के लिए उनके साथ खड़ी है और इस मुद्दे को लेकर हर लोकतांत्रिक संघर्ष में परिवारों का साथ देने का दावा किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post