छतरपुर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान: 2 दिनों में 144 वाहनों पर चालानी कार्रवाई

छतरपुर में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोक परिवहन वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे सात दिवसीय अभियान के तहत छतरपुर यातायात पुलिस और आरटीओ की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के पहले दो दिनों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 144 लोक परिवहन वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान बसों और अन्य वाहनों में सुरक्षा मानकों की विशेष जांच की जा रही है। इसमें बसों में अग्निशमन यंत्र, मेडिकल किट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही ओवरलोड सवारी, इमरजेंसी विंडो की स्थिति, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन बीमा और चालक-परिचालक के व्यवहार की भी जांच की जा रही है।

यातायात पुलिस यह भी सुनिश्चित कर रही है कि वाहन चालक और परिचालक शराब या अन्य नशे की हालत में वाहन संचालन न करें। यात्रियों के प्रति उनका व्यवहार मानवीय और शालीन बना रहे, इस पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

आरटीओ और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित वाहनों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है।

 

Post a Comment

Previous Post Next Post