लवकुशनगर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छतरपुर रोड स्थित एक ढाबे के पास से आरोपी को 315 बोर के देशी कट्टे और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले भी अवैध हथियार और मारपीट के मामलों में शामिल रह चुका है।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशानुसार जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना लवकुशनगर पुलिस को क्षेत्र भ्रमण के दौरान छतरपुर रोड स्थित ढाबे के पास एक व्यक्ति के अवैध हथियार के साथ मौजूद होने की सूचना मिली।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर पेड़ के नीचे खड़ा संदेही भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी ब्रजबिहारी उर्फ मुटका पिता रघुबीर विश्वकर्मा निवासी ग्राम बेड़ी, हाल निवासी वार्ड क्रमांक 03 सिंचाई कॉलोनी लवकुशनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना लवकुशनगर में आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ब्रजबिहारी विश्वकर्मा पहले भी अवैध हथियार और मारपीट के दो मामलों में लिप्त रह चुका है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी नवीन दुबे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय अम्बे, प्रधान आरक्षक रामकृपाल वर्मा, अनीश अहमद, आरक्षक ब्रजराज यादव, नरेंद्र अहिरवार, कुलदीप सेन एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment