छतरपुर जिले की थाना सिविल लाइन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम बगौता से गुम हुए 9 वर्षीय बालक को मात्र 2 घंटे के भीतर सुरक्षित तलाश कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस संवेदनशील और सराहनीय कार्यवाही की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के अनुसार थाना सिविल लाइन पुलिस को आज दोपहर आकस्मिक पुलिस सेवा डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बगौता का एक 9 वर्षीय बालक अचानक लापता हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और बालक की तलाश शुरू की गई।
पुलिस द्वारा बालक के हुलिए और संभावित दिशा के आधार पर क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए ताकि बालक की लोकेशन का पता लगाया जा सके। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने बालक को सुरक्षित तलाश कर अपने संरक्षण में लिया।
इसके बाद थाना सिविल लाइन पुलिस ने बालक को सुरक्षित उसके घर ग्राम बगौता पहुंचाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
इस पूरी कार्यवाही में आशुतोष श्रोत्रिय एवं आरक्षक रवि परसारिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस मानवीय और त्वरित कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।

Post a Comment