रिश्तेदारी से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर: ट्रक ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, दो सगी बहनों समेत तीन की मौत


 छतरपुर। जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र में रविवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहाँ तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सवारी से भरे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो सगी बहनों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार रिश्तेदारी में आयोजित एक कार्यक्रम से लौटकर अपने घर जा रहा था। तभी मातगुवां के पास मुख्य सड़क पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

दो सगी बहनों समेत तीन लोगों की मौत

इस हादसे में 17 वर्षीय सुमन आदिवासी, उसकी 8 वर्षीय छोटी बहन सोमवती आदिवासी और राजकुमार नामक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। एक ही परिवार की दो बेटियों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

पांच लोग गंभीर रूप से घायल

हादसे में घायल सभी लोग ईशानगर क्षेत्र के ग्राम हतनाई के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में 14 वर्षीय कन्हैया आदिवासी, 6 वर्षीय भूरा आदिवासी, गेंदा आदिवासी और 35 वर्षीय किसन आदिवासी सहित कुल पांच लोग शामिल हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही मातगुवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post