लवकुश नगर हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: ₹8000 के इनामी 4 आरोपी गिरफ्तार, 7 अन्य की तलाश जारी

 

छतरपुर जिले के थाना लवकुश नगर क्षेत्र अंतर्गत अक्टोहा तिराहा में हुए चर्चित हत्या और हत्या के प्रयास मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले ₹8000 के इनामी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर अपराधी भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब मामले में फरार चल रहे 7 अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार 23 मई की रात थाना लवकुश नगर क्षेत्र के अक्टोहा तिराहा में हत्या और हत्या के प्रयास की घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायल अवस्था में मिले लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कृष्णकांत गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सत्येंद्र राजपूत की रिपोर्ट के आधार पर थाना लवकुश नगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा स्वयं घटनास्थल पहुंचे और मामले का निरीक्षण किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ₹8000 के इनाम की घोषणा की गई तथा अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड की सहायता से घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में—

विक्की उर्फ विवेक विश्वकर्मा निवासी कंठी मोहल्ला लवकुश नगर

बड्डन उर्फ महेश विश्वकर्मा निवासी कंठी मोहल्ला लवकुश नगर

भारत द्विवेदी निवासी चौरसिया मोहल्ला लवकुश नगर

एक विधि विरुद्ध किशोर शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उधारी के पैसों को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन धारदार चाकू, लाठी और मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार आरोपी भारत द्विवेदी पर चोरी, लूट, अवैध हथियार और मारपीट सहित लगभग 25 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं आरोपी विक्की विश्वकर्मा पर मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।

इस पूरे मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले एवं एसडीओपी नवीन दुबे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय अंबे सहित कई पुलिस अधिकारियों, साइबर सेल, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

फिलहाल पुलिस घटना में शामिल 7 अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post