छतरपुर में 350 लोक परिवहन वाहनों पर कार्रवाई, सात दिवसीय अभियान में काटे गए चालान


 सात दिवसीय अभियान में 350 लोक परिवहन वाहनों पर कार्रवाई, यातायात नियमों के उल्लंघन पर काटे गए चालान

छतरपुर। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा लोक परिवहन वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से छतरपुर यातायात पुलिस द्वारा क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की टीम के साथ संयुक्त रूप से विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में संचालित सात दिवसीय विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तथा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित 350 लोक परिवहन वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान बसों एवं अन्य लोक परिवहन वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं का परीक्षण किया गया। पुलिस और आरटीओ की संयुक्त टीम द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि वाहनों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध हों तथा सभी नियमों का पालन किया जा रहा हो।

जांच के दौरान बसों में अग्निशमन यंत्र, मेडिकल किट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, ओवरलोड सवारी, इमरजेंसी विंडो की स्थिति, चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन बीमा तथा चालक एवं परिचालक के व्यवहार की जांच की गई। साथ ही यह भी देखा गया कि चालक या परिचालक किसी प्रकार के नशे की हालत में वाहन संचालन तो नहीं कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। आरटीओ एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post