छतरपुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष मारपीट मामले में नया मोड़, बहू ने महिला पर लगाए गंभीर आरोप

 

छतरपुर। भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि राजा परमार और उनके परिवार पर लगाए गए मारपीट के आरोपों के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। एक ओर जहां संध्या उर्फ ज्ञान राजपूत नाम की महिला ने सिविल लाइन थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर भाजपा नेता रवि राजा परमार, उनकी बहू और मां पर घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप लगाए थे, वहीं अब भाजपा नेता के छोटे भाई रोहित राजा परमार की पत्नी विद्या परमार ने भी पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपते हुए महिला पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

विद्या परमार का आरोप है कि संध्या उर्फ ज्ञान राजपूत लंबे समय से उनके पति रोहित राजा परमार को अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल कर रही थी और उनसे पैसों की मांग करती थी। विद्या के अनुसार उनके पति द्वारा महिला के खाते में कई बार पैसे ट्रांसफर किए गए थे। जब उन्हें इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार के लोग संध्या के घर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद और झूमाझटकी हुई। विद्या ने दावा किया कि इस घटना में उनके शरीर पर चोट के निशान भी आए हैं।

विद्या परमार ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान संध्या ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला किया। उन्होंने यह भी कहा कि देवेंद्र सिंह नाम का एक व्यक्ति भी महिला के साथ रहा है, जो हाल ही में दूल्हा बदलकर कराई गई शादी के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

आवेदन में विद्या परमार ने बताया कि उनके पति रोहित राजा परमार फिलहाल लापता हैं और उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना भगवा में दर्ज कराई जा चुकी है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि उनके पति के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदार संध्या होगी। विद्या का आरोप है कि संध्या उनके पति पर पत्नी को तलाक देने का दबाव बना रही थी।

विद्या परमार ने संध्या उर्फ ज्ञान राजपूत पर पहले भी लोगों को झूठे मामलों में फंसाने और ब्लैकमेलिंग करने जैसे आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि महिला सोशल मीडिया पर कई नामों से अकाउंट संचालित करती है और लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठती है। उन्होंने कहा कि कई लोग इस कथित जाल का शिकार हो चुके हैं और विभिन्न थानों में महिला के खिलाफ शिकायतें भी मौजूद हैं।

इसके अलावा विद्या ने महिला पर अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर गांजा सप्लाई जैसे अवैध कार्यों में शामिल होने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि महिला ने ब्लैकमेलिंग और लोगों को फंसाकर करोड़ों रुपए की संपत्ति बनाई है। विद्या के अनुसार इसी वजह से महिला का पति उससे अलग रहता है और उसके बच्चे भी पिता के साथ रहते हैं।

विद्या परमार ने बताया कि उन्होंने 18 मार्च 2026 को भी सिविल लाइन थाने में महिला के खिलाफ आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी सिविल लाइन से मामले की निष्पक्ष जांच कर महिला का पुराना रिकॉर्ड खंगालने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच में जुटी हुई है। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो और आरोप-प्रत्यारोप के चलते यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post