छतरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार निर्माण गिरोह का छठवां आरोपी गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद

 

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और बिक्री की कड़ी में शामिल छठवें आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और कारतूस बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजवर्धन सिंह उर्फ राज उर्फ क्षितिज पिता जगदीप सिंह चौहान निवासी दुर्गा कॉलोनी, छतरपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले में लिप्त रह चुका है।

दो अवैध हथियार फैक्टरियों का खुलासा

छतरपुर पुलिस द्वारा लगातार अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वाहन चेकिंग और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस हथियार तस्करों और निर्माताओं तक पहुंच रही है। इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने ग्राम कांटी के पास कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण की दो फैक्टरियों का पर्दाफाश किया था।

इस कार्रवाई में पुलिस ने पहले चरण में दो हथियार निर्माताओं को गिरफ्तार किया था, जिनमें —

संदीप रैकवार निवासी दिलनिया

राम प्रसाद विश्वकर्मा उर्फ मुन्ना निवासी मऊसानिया थाना नौगांव

शामिल हैं। इनके पास से 315 बोर का देशी कट्टा, अधबना कट्टा और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले मशीन उपकरण व अन्य संसाधन बरामद किए गए थे।

हथियार खरीदने वाले आरोपी भी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में अवैध हथियार खरीदने वाले दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था। इनमें —

सुनील अहिरवार निवासी मोराहा

कल्लू पाल निवासी मोराहा

शामिल हैं। इनके कब्जे से खरीदे गए दो 315 बोर के देशी कट्टे बरामद किए गए थे।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी रोहित राजा पिता गुमान सिंह निवासी ग्राम दिलनिया थाना महाराजपुर को गिरफ्तार किया, जिसके पास से एक देशी बंदूक और दो देशी कट्टे बरामद हुए थे।

अब पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े छठवें आरोपी राजवर्धन सिंह उर्फ राज को भी गिरफ्तार कर लिया है।

भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद

पुलिस के मुताबिक अब तक की कार्रवाई में दो अवैध हथियार फैक्टरियों से —

एक देशी बंदूक

7 देशी कट्टे

एक अधबनी पिस्टल

एक अधबना कट्टा

कारतूस

हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनें और उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इन अधिकारियों की रही प्रमुख भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह, उप निरीक्षक वीरेंद्र रैकवार, साइबर प्रभारी उप निरीक्षक नेहा सिंह गुर्जर सहित पुलिस और साइबर टीम के कई अधिकारियों व जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post