छतरपुर में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वालों के खिलाफ थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से सट्टेबाजी में इस्तेमाल किए जा रहे दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल में आईपीएल मैच की सट्टा आईडी लॉगिन मिली। जांच के दौरान क्लाइंट आईडी, एजेंट और सट्टा संचालन से जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्य भी सामने आए। मामले में पुलिस ने संगठित अपराध और पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले में जुआ और सट्टा खेलने एवं संचालित करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कोतवाली पुलिस को क्षेत्र भ्रमण के समय किशोर सागर तालाब रोड पर सट्टा खेलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद दो संदिग्धों को रोककर उनके मोबाइल फोन की जांच की, जहां आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाया जा रहा था।
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को चिन्हित किया है—
वीरेंद्र गिरी गोस्वामी निवासी बस स्टैंड के पास, छतरपुर
लल्लू उर्फ कुलदीप गुप्ता निवासी विश्वनाथ कॉलोनी, छतरपुर
राहुल शुक्ला निवासी सनसिटी कॉलोनी के पास, छतरपुर
इन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) और पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार आरोपी राहुल शुक्ला की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी राहुल शुक्ला पहले भी छतरपुर, सतना और निवाड़ी जिलों में जुआ, सट्टा, धोखाधड़ी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे करीब 7 मामलों में शामिल रहा है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह, उप निरीक्षक वीरेंद्र रैकवार, साइबर प्रभारी उप निरीक्षक नेहा गुर्जर सहित पुलिस और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment