नौगांव, छतरपुर
छतरपुर जिले के नौगांव बस स्टैंड स्थित एक बंद पड़ी पुलिस चौकी में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक हेड कॉन्स्टेबल का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान तरुण गंधारक (उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सागर जिले के निवासी थे और वर्तमान में नौगांव थाने में पदस्थ थे।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे बंद पड़ी चौकी के अंदर उनका शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। घटना के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे तथा पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई।
प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।
मामले को लेकर एसडीओपी अमित मेश्राम ने बताया कि संभवतः हेड कॉन्स्टेबल मानसिक तनाव में थे। जिस चौकी में शव मिला, वह पुरानी और निष्क्रिय पुलिस चौकी है, जबकि उसके सामने नई चौकी संचालित हो रही है और वहीं स्टाफ की पदस्थापना है।
एसडीओपी के अनुसार, तरुण गंधारक गहरौली रोड क्षेत्र में अपनी पत्नी और करीब डेढ़ से दो साल की बच्ची के साथ रहते थे। घटना के समय उनकी न तो थाने में और न ही चौकी में कोई ड्यूटी लगी थी। खास बात यह भी है कि उनका शव सिविल ड्रेस में मिला है। ऐसे में वे रात के समय बंद पड़ी चौकी तक कैसे पहुंचे और आत्महत्या के पीछे क्या कारण रहे, इसकी जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक के बुजुर्ग माता-पिता सागर में रहते हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।


Post a Comment