छतरपुर कांड में चार बड़ी अपडेट: पुलिस, मुस्लिम समाज और हिंदू संगठनों ने क्या कहा?

 

छतरपुर कांड में पुलिस की कार्रवाई, पत्रकार उमाशंकर पटेल की एफआईआर, मुस्लिम समाज की एसपी से मुलाकात, हिंदू संगठनों की मांग और बुलडोजर कार्रवाई पर प्रशासन का रुख जानिए।

छतरपुर कांड में चार बड़ी अपडेट: पुलिस, मुस्लिम समाज और हिंदू संगठनों ने क्या कहा?

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के टोरिया मोहल्ले में हुई हिंसक घटना के बाद पूरे जिले में तनाव का माहौल देखने को मिला। एक सड़क दुर्घटना के बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि इसमें एक परिवार के साथ मारपीट, पुलिसकर्मियों पर हमले और पत्रकारों के साथ अभद्रता जैसे गंभीर आरोप सामने आए। पुलिस ने मामले में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आइए जानते हैं इस मामले से जुड़ी चार बड़ी अपडेट।

1. पुलिस का बड़ा एक्शन: तीन एफआईआर, 13 आरोपी और चार गिरफ्तार

टोरिया मोहल्ले में हुई घटना के बाद पुलिस ने कुल तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।



पहली FIR 
पीड़ित पक्ष के योगेंद्र कुमार श्रीवास्तव की शिकायत पर दर्ज की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सड़क दुर्घटना के बाद उनके परिवार के साथ मारपीट की गई। इस मामले में जुल्फी खान, छोटू उर्फ मौत, साहिल खान, नीसू खान, छोटू खान उर्फ कॉलर दादा, भूरा खान सहित दो अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।



दूसरी FIR
ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों आरक्षक नरेश सिंह परिहार और आरक्षक संदीप वर्मा की शिकायत पर दर्ज की गई। इस एफआईआर में हुसैन खान, निसार खान, निज्जू उर्फ निजाम खान, रईसा बेगम, आमिया खान, शबाना खान, नसी खान, अजमत खान, कासिम खान, अरमान खान, यूनुस खान और सोनू खान सहित कुल 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

तीसरी FIR
स्थानीय पत्रकार उमाशंकर पटेल की शिकायत पर दर्ज की गई। पत्रकार उमाशंकर पटेल का आरोप है कि घटना की कवरेज के दौरान उनके साथ भी मारपीट और अभद्रता की गई। इस एफआईआर में वही छह आरोपी शामिल हैं, जिनके खिलाफ पीड़ित परिवार की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई थी।



पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मियों से मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह के अनुसार, मुख्य आरोपी निसार खान, उसके पिता हुसैन खान, चाचा निज्जू उर्फ निजाम खान और भाई यूनुस खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

2. मुस्लिम समाज ने एसपी से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच की मांग

इस पूरे मामले को लेकर मुस्लिम समाज ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। शहजाद हाजी के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि यदि किसी ने कानून हाथ में लिया है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी घटना को सांप्रदायिक रंग देकर शहर का माहौल खराब नहीं किया जाना चाहिए।

मुस्लिम समाज ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।



3. हिंदू संगठनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों में भी आक्रोश देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री प्रखर भट्ट के नेतृत्व में हिंदू संगठनों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में दोषियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासूका) लगाने, जिला बदर की कार्रवाई करने और आरोपियों के कथित अवैध अतिक्रमण की जांच कराने की मांग की गई।

हिंदू संगठनों का कहना है कि यदि प्रशासन जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं करता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

4. बुलडोजर कार्रवाई पर प्रशासन का क्या कहना है?

मामले में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस संबंध में छतरपुर एसडीएम प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों के कथित अवैध निर्माण और अतिक्रमण को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी की टीम गठित की गई है। यदि जांच में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि सभी कार्रवाई कानून के दायरे में और तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

जांच जारी, सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर

फिलहाल छतरपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस, प्रशासन, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों की निगाहें अब आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

यह मामला न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि सामाजिक सौहार्द की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले दिनों में पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद पूरे मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post