छतरपुर, मध्य प्रदेश। छतरपुर के टोरिया मोहल्ला में 4 जून 2026 की रात हुई हिंसक घटना को लेकर मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इसी कड़ी में युवा रैकवार समाज, जिला अध्यक्ष राम रैकवार ने छतरपुर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार, 4 जून 2026 की रात लगभग 10 बजे टोरिया मोहल्ला में एक एक्सीडेंट की घटना के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने हिंदू समाज के लोगों और एक डेढ़ वर्षीय बालिका के साथ मारपीट की तथा बीच-बचाव करने आए लोगों पर भी पथराव किया।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि पुलिस बल के मौके पर पहुंचने के बाद भी उपद्रवियों द्वारा पथराव किया गया। इसमें कुछ नामजद आरोपियों सहित 15 से 20 लोगों के शामिल होने का उल्लेख किया गया है। साथ ही, समाज में दहशत फैलाने और शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
युवा रैकवार समाज ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि आरोपियों के मकान अवैध रूप से निर्मित होने की जांच कर आवश्यक होने पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए।
समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र में जनाक्रोश बढ़ सकता है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Post a Comment