दिग्विजय सिंह का बड़ा ऐलान: सक्रिय राजनीति से संन्यास, धर्म रक्षा के लिए करेंगे महाकाल से अयोध्या तक 1000 किमी पदयात्रा
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा करते हुए कहा है कि अब उनका जीवन धर्म और आस्था की रक्षा के लिए समर्पित रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अब किसी राजनीतिक पद या चुनाव की दौड़ में नहीं रहना चाहते और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनकी उम्र लगभग 80 वर्ष हो चुकी है और उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से भी आग्रह किया है कि अब युवा नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाए। उनका कहना है कि अब वह राजनीति नहीं, बल्कि सनातन धर्म और धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों पर काम करेंगे।
2 अक्टूबर से शुरू होगी महाकाल-अयोध्या पदयात्रा
पूर्व मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वह 2 अक्टूबर से महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग से राम मंदिर तक लगभग 1000 किलोमीटर लंबी पदयात्रा करेंगे। उन्होंने इस यात्रा को पूरी तरह गैर-राजनीतिक बताया है। उनके अनुसार यात्रा में किसी राजनीतिक दल का झंडा नहीं होगा, वह राजनीतिक भाषण नहीं देंगे और यात्रा के दौरान सोशल मीडिया से भी दूरी बनाए रखेंगे।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद का किया जिक्र
दिग्विजय सिंह ने हाल ही में सामने आए राम मंदिर के चढ़ावे और दान से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े धन का पूरा हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी राम मंदिर निर्माण के लिए 1.11 लाख रुपये का दान दिया था और यदि जरूरत पड़ी तो इस मामले में कानूनी कदम भी उठाएंगे।
राजनीति से अलग, आस्था पर रहेगा पूरा फोकस
दिग्विजय सिंह का कहना है कि उनकी आगामी पदयात्रा का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल को निशाना बनाना नहीं, बल्कि धार्मिक संस्थाओं में पारदर्शिता और श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा का संदेश देना है। उन्होंने दोहराया कि वह स्वयं को सनातन धर्म का अनुयायी मानते हैं और अब अपने जीवन का शेष समय इसी दिशा में कार्य करने के लिए समर्पित करेंगे
हालांकि, उनके इस ऐलान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि उनकी प्रस्तावित पदयात्रा का सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर क्या प्रभाव पड़ता है।


Post a Comment