डुमरा रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में देरी से बढ़ी मुश्किलें, रास्ता बंद होने पर ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

 

छतरपुर। जिले की राजनगर तहसील अंतर्गत लवकुशनगर-छतरपुर मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम डुमरा में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का कार्य क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी की धीमी कार्यप्रणाली और लापरवाही के चलते मुख्य मार्ग लगभग पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे आसपास के कई गांवों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।


ग्रामीणों के अनुसार, डुमरा के साथ-साथ बरा, डिगोनी, उमरिया, सुरा और बम्हौरी सहित कई गांवों के हजारों लोग प्रतिदिन इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। सड़क बंद होने के कारण लोगों को लंबा चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियां बढ़ गई हैं।


ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में बताया कि मार्ग बंद होने का सबसे अधिक असर छात्र-छात्राओं, मरीजों और किसानों पर पड़ रहा है। विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज पहुंचने में कठिनाई हो रही है, वहीं मरीजों को समय पर अस्पताल ले जाना भी चुनौती बन गया है। किसानों को कृषि उपज और आवश्यक सामान के परिवहन में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।




ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। न तो कोई स्पष्ट वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है और न ही लोगों को सावधान करने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।


ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मांग की है कि रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, कार्य पूरा करने की समय-सीमा निर्धारित की जाए और निर्माण पूर्ण होने तक लोगों की सुविधा के लिए तत्काल एक सुरक्षित अस्थायी वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए।


क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र जन-आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस समस्या के समाधान के लिए कब तक ठोस कदम उठाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post