सटई पुलिस ने अमरोनिया जंगल हत्याकांड का किया खुलासा, पत्नी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

 


छतरपुर। जिले के सटई थाना क्षेत्र के अमरोनिया जंगल में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश मृतक की पत्नी ने अपने साथी और उसके सहयोगी के साथ मिलकर रची थी। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तौलिया, पेचकस, मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को सिगरामपुरा निवासी मनीराम रैकवार के लापता होने की सूचना पर थाना सटई में गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई थी। पुलिस ने क्षेत्र और आसपास के जंगलों में सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान अमरोनिया जंगल स्थित बगाई नाला में एक शव मिला, जिसकी पहचान मनीराम रैकवार के रूप में हुई।

घटनास्थल से मिले भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों तथा मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर थाना सटई में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों से सामने आया कि मृतक की पत्नी शिवानी रैकवार का अखलेश पटेल से संबंध था। पुलिस के अनुसार, अखलेश पटेल ने अपने सहयोगी भरत यादव के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से मनीराम रैकवार की हत्या की, जिसमें शिवानी रैकवार की भी भूमिका पाई गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शिवानी रैकवार निवासी ग्राम सिगरामपुरा, अखलेश पटेल निवासी ग्राम पल्कोहा थाना किशनगढ़ तथा भरत यादव निवासी ग्राम पल्कोहा थाना किशनगढ़ शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तौलिया, पेचकस, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री बरामद की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले एवं एसडीओपी बिजावर अजय रिठौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सटई निरीक्षक सुनीता बिदुआ सहित थाना सटई की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post