धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम पर गोली मारने का आरोप, बाबा बागेश्वर ने कहा- हमारा उनसे लेना-देना नहीं

 

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कोड़ा में मंगलवार को हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इस मामले में बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग का नाम सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद के चलते उन पर गोली चलाई गई। घायल किसान का जिला अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


जमीन विवाद में फायरिंग का आरोप
घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा का आरोप है कि क्षेत्र में किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि जमीन बेचने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई और उन पर गोली चलाई गई। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है।




पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि घायल को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां एक्स-रे जांच के दौरान शरीर में गोली जैसी वस्तु दिखाई देने की प्रारंभिक जानकारी मिली है। पुलिस घायल के बयान दर्ज कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट, एमएलसी तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी के अनुसार, एसडीओपी खजुराहो को भी मौके पर भेजा गया है। घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और फायरिंग में इस्तेमाल हथियार, खोखे तथा अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


तीन नामजद, एक अज्ञात आरोपी
पुलिस के मुताबिक इस मामले में शालिग्राम गर्ग, सतीश और आशीष को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि एक अज्ञात व्यक्ति की भी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है।


प्राथमिक जानकारी के अनुसार घटना के दौरान करीब तीन राउंड फायरिंग हुई। आरोप है कि पहला फायर हवाई था, जबकि अन्य गोलियां घायल किसान को लगीं या उन्हें छूते हुए निकलीं। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।


धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बयान
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि उनका शालिग्राम गर्ग या परिवार से व्यक्तिगत रूप से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा,
हमने तीन वर्ष पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि शालिग्राम  या हमारे परिवार से हमारा कोई व्यक्तिगत लेना-देना नहीं है। संपूर्ण विश्व, समाज, राष्ट्र और सनातन ही हमारा परिवार है। जिसने भी अपराध किया है, उसे कानून और ईश्वर दोनों द्वारा कठोर दंड मिलना चाहिए। हमें इस पूरे मामले की पूरी जानकारी नहीं है, इसलिए हर घटना में हमारा नाम बेवजह न जोड़ा जाए।


जांच के बाद होगी कार्रवाई
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि तथ्य सामने आने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post