छतरपुर। जिले की नौगांव तहसील अंतर्गत ग्राम नयागांव की भूमि को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात सिपाही अखंड प्रताप यादव ने कलेक्टर छतरपुर को आवेदन सौंपकर किरण कुमार बुंदेला पर उनकी भूमि और कुछ शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जा करने, सीमांकन में बाधा डालने तथा धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
कलेक्टर को दिए आवेदन में अखंड प्रताप यादव ने बताया कि ग्राम नयागांव स्थित उनकी भूमि के खसरा नंबर 1654, 1655, 1656 और 1657 के सीमांकन के दौरान बार-बार आपत्ति लगाई जाती है, जिससे सीमांकन और बंटवारे की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर गाली-गलौज की जाती है और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी जाती है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मध्यप्रदेश राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम तथा कुछ शासकीय भूमि के खसरों पर भी कथित रूप से अवैध कब्जा किया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने पहले भी तहसीलदार और एसडीएम नौगांव को कई बार लिखित और मौखिक शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
अखंड प्रताप यादव ने अपने आवेदन में कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो कथित अतिक्रमण हटाकर संबंधित भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए और नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

Post a Comment