छतरपुर। लवकुशनगर-छतरपुर मुख्य मार्ग पर स्थित डुमरा में बन रहे रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य में हो रही घोर लापरवाही और अत्यधिक देरी को लेकर क्षेत्रवासियों का आक्रोश फूट पड़ा है। इस संबंध में मंगलवार को जिला कलेक्टर को एक शिकायती पत्र सौंपकर जनसमस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की गई है।
सौंपे गए पत्र के अनुसार,
निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागों की उदासीनता के कारण तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी ओवरब्रिज का कार्य अधूरा पड़ा है, जिसके चलते इस मुख्य मार्ग को लगभग पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। मार्ग अवरुद्ध होने से रोजाना हजारों लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है, स्कूली छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और आपातकालीन स्थिति में गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो गया है। इसके साथ ही सुगम रास्ता न होने से स्थानीय कृषि कार्य भी ठप होने की कगार पर पहुंच गया है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि मुख्य मार्ग बंद करने के बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा न तो किसी सुरक्षित वैकल्पिक या अस्थाई रास्ते की व्यवस्था की गई है और न ही संभावित दुर्घटनाओं से बचाव के लिए कोई स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि अगले 7 दिनों के भीतर निर्माण कार्य में तेजी लाकर कार्य पूर्ण करने की निश्चित समय सीमा घोषित नहीं की गई और सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग नहीं खोला गया, तो वे उग्र जन-आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

Post a Comment