एसपी ऑफिस में पारिवारिक विवाद पर हंगामा: महिला बोली- मेरे कोई बच्चे नहीं, परिजनों ने कहा- दो बच्चों की मां है
छतरपुर। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय शनिवार को एक पारिवारिक विवाद का केंद्र बन गया, जहां एक महिला और उसके परिजनों के बीच बच्चों की अभिरक्षा तथा वैवाहिक संबंधों को लेकर जमकर विवाद हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच करीब एक घंटे तक बहस और हंगामा चलता रहा। पुलिस को हस्तक्षेप कर स्थिति नियंत्रित करनी पड़ी।
कदारी निवासी सोनिया अहिरवार ने एसपी को दिए आवेदन में अपनी बहनों, मां और जीजा पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। सोनिया का कहना है कि उसकी शादी 28 जून 2026 को करन अहिरवार के साथ हुई है। उसने शिकायत में आरोप लगाया कि उसके परिजन उसकी बड़ी बहन सुमन के दो बच्चों को उसका बच्चा बताकर उस पर पालन-पोषण की जिम्मेदारी डालना चाहते हैं।
सोनिया का दावा है कि उसकी पहले कभी शादी नहीं हुई और न ही उसके कोई बच्चे हैं। उसका कहना है कि जिन दो बच्चों को लेकर विवाद हो रहा है, वे उसकी बड़ी बहन सुमन के हैं, जो कथित रूप से परिवार छोड़कर कहीं और रहने लगी है।
परिजनों का दावा: सोनिया ही बच्चों की मां
दूसरी ओर सोनिया की मां, बहनों और ग्यासी चौधरी नामक व्यक्ति ने अलग दावा किया है। उनका कहना है कि सोनिया की पहले ग्यासी चौधरी के साथ शादी हुई थी और उससे एक पुत्र तथा एक पुत्री हैं। परिजनों का आरोप है कि सोनिया बच्चों को छोड़कर चली गई और बाद में उसने करन अहिरवार के साथ दूसरी शादी कर ली।
परिजनों का कहना है कि वे चाहते हैं कि सोनिया बच्चों को अपने साथ रखे और परिवार के साथ वापस रहे। वहीं सोनिया का कहना है कि वह अपने वर्तमान पति के साथ रहना चाहती है और उस पर लगाए जा रहे आरोप गलत हैं।
बच्ची ने कहा- सोनिया मेरी मां है
एसपी कार्यालय में मौजूद लोगों के अनुसार विवाद के दौरान एक मासूम बच्ची ने सोनिया को अपनी मां बताया। हालांकि सोनिया ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि बच्ची उसकी नहीं है।
एसपी कार्यालय में बढ़ा तनाव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसी दौरान एक महिला द्वारा बच्चों की ओर बढ़ने की भी स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर बच्चों को सुरक्षित किया और मामला शांत कराया।
जांच के बाद ही साफ होगी तस्वीर
फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। एक पक्ष बच्चों को सोनिया का बता रहा है, जबकि सोनिया इन आरोपों से इनकार कर रही है। ऐसे में बच्चों की वास्तविक अभिरक्षा, पारिवारिक संबंधों और लगाए गए आरोपों की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और उपलब्ध दस्तावेजों एवं तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच के निष्कर्ष के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।



Post a Comment