छतरपुर। जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कानूनपुरा निवासी शिवदयाल अहिरवार ने पुलिस अधीक्षक छतरपुर को शिकायत सौंपकर हरपालपुर थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि जमीन विवाद के मामले में पुलिस उन्हें और उनके परिवार को लगातार प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शिवदयाल अहिरवार के अनुसार, ग्राम कानूनपुरा स्थित उनके परिवार की भूमि उनके पिता गोरीप्रसाद उर्फ गोटीराम अहिरवार के नाम दर्ज है। उनका कहना है कि भूमि का एक हिस्सा पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के लिए अधिग्रहित किया जा चुका है, लेकिन शेष भूमि को लेकर विवाद बना हुआ है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि विवादित भूमि पर एनएचएआई द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर छतरपुर के समक्ष शिकायतें प्रस्तुत की हैं। उन्होंने यह भी दावा किया है कि मामला कलेक्टर न्यायालय में विचाराधीन है और मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने भी 5 मई 2026 को पारित आदेश में कलेक्टर को तीन माह के भीतर प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए थे।
आवेदन में आगे आरोप लगाया गया है कि हरपालपुर थाना पुलिस एनएचएआई के कहने पर उन्हें और उनके परिवार को धमका रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि निर्माण कार्य रोकने पर झूठे प्रकरण दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी जाती है। इसके अलावा, उन्हें बार-बार थाने बुलाकर घंटों बैठाने, गाली-गलौज करने और शिकायत आवेदन लेने से इनकार करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिवदयाल अहिरवार ने बताया कि उन्होंने 23 जुलाई 2026 को डायल-112 पर भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उनके अनुसार इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि भूमि विवाद का विधिवत निराकरण होने तक उन्हें और उनके परिवार को पुलिस द्वारा प्रताड़ित न किया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

.jpg)
.jpg)
Post a Comment